Text selection Lock by Hindi Blog Tips

बुधवार, 4 मई 2016

ये मोह-मोह के धागे ....

     पुरानी दिल्ली स्टेशन पर उतरते ही राग को ताज़गी का अहसास हुआ। गर्मी अभी आई नहीं थी और सर्दी 

जाने को थी। खुशगवार सा मौसम। रात भर की ट्रेन की खड़खड़ाहट से जैसे। निजात मिली हो। 


यहाँ उसका ननिहाल है।  बचपन के बहुत सारे  यादगार दिन /महीने बीते हैं। उसके मामा के बेटे  की शादी है। 

 मामी ने शादी से पंद्रह दिन पहले आने को कहा तो था पर दस दिन पहले ही पहुंचा जा सका। घर पहुंचे तो

    बहुत रौनक छाई हुई थी। होती भी क्यों ना ! एक तो शादी का माहौल और उस पर पंजाबियों की शादी !
  
   वहां सभी को मालूम था कि राग टेलीविजन की एक संगीत प्रतियोगिता में भाग ले चुकी है। उसे बहुत     

सम्मानित दृष्टि से देखा जा रहा था। उसे खुद एक सेलेब्रिटी की तरह महसूस हो रहा था। यह अहसास उसे 

पिछले कई महीनों से जो माहौल झेलती आ रही थी उससे निजात दिला गया। अर्शिया और आरुषि दोनों मामा 

की बेटी बहनें ही नहीं थी बल्कि बचपन की सहेलियां भी थी। दिन में तीनों ने बचपन की यादें फिर से जी ली।  

शाम के लिए शॉपिंग का कार्यक्रम भी बन गया। 
     
        शाम को लगभग छह बजे मॉल में आरुषि कार पार्क करने गई तो राग और अर्शिया यहाँ वहां का जायजा 

लेने लगी। राग की एक जगह नज़र अटक गई। एक बोर्ड पर एक नई फिल्म के प्रमोशन की जानकारी थी। 


फिल्म में उभरते हुए नए कलाकार थे।  शॉपिंग से पहले वहीँ जाने का निश्चय किया गया। 


" लो भई राग के काम की चीज़ है ये तो ....सभी नए -नए कलाकार है यहाँ, हो सकता है कि कोई इसे भी गाने 


का मौका दे दे ! " राग की मौसी बोल पड़ी। 


" हां मौसी ! क्यों नहीं ! मिल भी सकता है मौका ! " राग भी हंस पड़ी। 


      मॉल के शोर शराबे में जब जगजीत सिंह की गाई ग़ज़ल राग के कानों में पड़ी तो वह उस ओर खिंचती 


हुई  चल पड़ी। उसके साथ -साथ बाकी भी चल पड़ी।  यह वही जगह थी जहाँ पर फिल्म  का प्रमोशन होना है।


 जैसे -जैसे आवाज़ पास आ थी, उसे वह जानी पहचानी सी लग रही थी। मन की गहराइयों में उतरी जा रही थी।   

    
                   "   हम लबों से कह ना पाए, उनसे हाल -ए -दिल कभी ,
                 और वो समझे नहीं ये ख़ामोशी क्या चीज़ है 
                    इश्क कीजिये फिर समझिए , ज़िंदगी क्या चीज़ है....."
     
         " उफ़ ये आवाज़ ! मैं एक पल के लिए भी नहीं भूली ! अरे ! यह तो ! यह तो !! " चिहुंक पड़ी राग और 

गाने वाले का नाम गले में ही घुट कर रह गया। गायक का गाना खत्म हुआ तो तालियों की गड़गड़ाहट से मॉल 


का वह  हिस्सा गूंज उठा। गूंजती हुई तालियां उसे दो साल पीछे ले गई। 


      मशहूर टेलीविजन चैनल की संगीत प्रतियोगिता " सुर -सरताज  " में अलोक के गाए गीत पर 


बहुत तालियां और निर्णायकों ने  खड़े हो कर सराहना की तो राग का ध्यान उस तरफ गया । वह भी उसी की 


तरह एक प्रतियोगी थी। मुंबई में सभी प्रदेशों से आए  हुए प्रतियोगियों में से, अलोक उत्तर प्रदेश से था और वह


 पंजाब से थी। उसके गाए गीत को भी प्रशंसा मिली। 

        
     अगला राउंड जोड़ी बनाओ राउंड था। जिसमे यह करना था कि जब एक पुरुष गायक गायेगा तो उसका 

साथ महिला गायक को देना होगा, पुरुष गायक के गाए गीत को आगे बढ़ाते हुए ! तीसरा नंबर अलोक का था। 


उसने गाना शुरू किया,

                                  " कोरा कागज़ था ये मन मेरा , 
                                 लिख दिया नाम इस पे तेरा ...." 



            राग ने  सुर में सुर मिला दिया ," 

                                    सूना आँगन था जीवन मेरा , 

                                         बस गया प्यार इसमें तेरा ..."
      सुर में सुर मिला तो गीत खिल गया। दोनों ही अच्छे गायक थे। अलोक ने गहरी नज़रों से राग को देखा। 

राग की आँखों की भी चमक बढ़ गई। मंच पर समां बाँध दिया। हर कोई मंत्रमुग्ध सा सुन रहा था। और इस तरह मंच पर छह जोड़ियां बन गई। अब इन जोड़ियों को आने वाले दो सप्ताह तक साथ -साथ ही गाना था। पहले सप्ताह हास्य गीत  और अगले सप्ताह रोमांटिक गीत गाना था।

      एक गैस्ट हाउस में सभी के ठहरने की व्यवस्था थी। गीत तैयार करने के लिए रियाज़ की भी वहीँ व्यवस्था थी। दोनों लॉन में बैठे थे कि हास्य गीत कौनसा चुने !

" अच्छा राग, गीत तो बाद में चुनेंगे, पहले जरा परिचय तो हो जाये ! "

" हाँ....मैं पंजाब से हूँ। आभा नगरी ज्यादा बड़ा शहर नहीं है पर बहुत अच्छा है। पिता जी का व्यवसाय है। एक भाई और एक बहन है। और इससे ज्यादा क्या परिचय है मेरा ! "

" तुम्हारी शिक्षा, रुचियाँ  ? "

" एम. ए.किया है हिन्दी में। रूचि केवल संगीत !संगीत ही पहनना -ओढ़ना और बिछाना भी !" वह अलोक से  अधिक खुलना नहीं चाहती थी।

" अच्छा-अच्छा ! मैं लखनऊ से हूँ। नवाबों का शहर है तो ख्यालात भी वैसे ही हैं ! इकलौता वारिस हूँ। पिता जी राजपत्रित अधिकारी है। माँ गृहिणी है और मेरी संगीत टीचर भी है। सबसे पहले वही मेरा गीत सुनती है और कोई कमी हो तो सही करने को भी कहती है। मेरी दोस्त, टीचर सभी कुछ मेरी माँ ही है ! " कहते हुए अलोक के चहरे पर बहुत प्यार छलक रहा था।
 
" माँ का लाडला ! " मन ही मन हंसी राग।

  " क्या हुआ, हंस क्यों रही हो ? " राग को गौर से  देखते हुए वह बोला। वह चौंक पड़ी कि  क्या वह अन्तर्यामी है ! जबकि उसके चेहरे पर तो कोई ऐसे भाव भी नहीं थे कि वह हंस रही हो।  वह यह कह कर  उठ के चल पड़ी कि गीत चयन कर लो तो फ़ोन पर मैसेज कर दे।
 
 थोड़ी ही देर में फ़ोन पर एक ऑडियो था मैसेज  के रूप में। गीत पुराना था पर लोकप्रिय था। " मेरे पिया गए रंगून किया है वहां से टेलीफून ......!"
" इसे पुराने गीत ही क्यों पसंद है ! " सोचते हुए अलोक को मैसेज किया कि गीत तो ठीक है पर उसे पुराने गीत ही क्यों पसंद है।
    " क्यूंकि पुराने गीत सीधे -सीधे दिल में उतरते हैं ! " जवाब आया।
" अच्छा .......! "
"  दूसरा गीत कौनसा होगा ! "
" वह तुम बताओ ! "
"  सोचती हूँ ! लेकिन मैं नया गीत ही सोचूंगी ! "
" ओके !  कोई समस्या नहीं !
" ओके !"
" किस से बात कर रही हो ? " राग की माँ ने राग को फोन पर व्यस्त देख कर पूछा।
" अलोक से। गीत का डिस्कसन हो रहा है ! माँ आप बताओ अगर आपको रोमान्टिक गीत गाना  होता तो कौनसा गाती ? कोई नया गीत ही बताना !"
" अगर मुझे गाना होता तो मैं ....तो मैं ! हां ! ' जोधा -अकबर ' का ' कहने को जश्न -ए -बहारा है ' , चुनती !"
" ओ यसस्स ! एकदम सही !"
     अलोक को सन्देश भेज दिया गया। अलोक को ठीक तो लगा लेकिन उसने बताया कि उसने भी एक गीत सोचा है जो कि ज्यादा अच्छा है। लेकिन वह राग को पसंद नहीं आया। इस पर उन दोनों ने बहस में ना पड़ते हुए पहले, पहले वाले गीत पर ध्यान देने की बात की।
       माँ के हाव -भाव थोड़े चिंता वाले होने लगे थे जिसे राग ने अच्छे से पढ़ लिया। किसी से अधिक दोस्ती बढ़ाना नहीं है।विशेष तौर से किसी लड़के से ! कोई भी ऐसी बात नहीं होनी चाहिए जिस से परिवार/ खानदान  का नाम खराब हो। मुंबई आने से पहले कितने पाठ पढ़ाए गए। उसे यूँ लगा कि उड़ने को पंख भी दिए और आसमान भी दे दिया, लेकिन पंजों में डोरी फंसा दी कि किस हद तक उड़ना है। ऐसा नहीं था कि वह एक पिछड़ी सोच वाले परिवार से थी। सभी पढ़े-लिखे  और स्वतंत्र विचार के थे। लेकिन वे यह नहीं सुन ना चाहते थे कि लड़की ने स्वतंत्रता का गलत फायदा उठा लिया और घर से पैर क्या निकले कि पर ही फैला लिए ।माँ कुछ कह तो नहीं रही थी पर आशंकित तो जरूर थी।
     प्रतियोगिता थी और दोगाना भी गाना था तो रियाज़ भी तो  करना ही था। फिर कोई क्या कर सकता था। दोनों को साथ में तो रहना ही था। राग ने महसूस किया कि उसे देखते ही आलोक की आँखों में चमक बढ़ जाती है। वह देख कर अनदेखा कर देती क्यूंकि उसे अपने पंजो में डोर बंधी हुई अच्छे से नज़र आती थी।
       गीत की बहुत अच्छी तैयारी हुई।  दोनों ने ही बहुत सुन्दर गाया। गाना बहुत सराहा गया। उस दिन का कार्यक्रम भी बहुत मज़ेदार था, हास्य रस से भरपूर ! कार्यक्रम के बाद तक सभी प्रतियोगी इसकी चर्चा करते रहे थे। सभी प्रफुल्लित और खुद को तरोताज़ा महसूस कर रहे थे। अगले दिन दूसरे गीत की तैयारी करनी थी, सारे दिन की थकान और तनाव भी था इसलिए  सभी जल्दी ही सोने के लिए चले गए।
     राग अपनी माँ से देर तक बातें करती रही। जहाँ अलोक का जिक्र उसकी आँखों की चमक बढ़ा रही थी, वहीँ उसकी माँ के मन में चिंता भी बढ़ा रही थी कि अगर राग का झुकाव अलोक की तरफ हो गया तो वह क्या कर सकेगी। घर पर क्या जवाब देगी ? आदि -आदि .....सोचते हुए उनकी आँख लग गई।
        सुबह  राग के कानों में एक मधुर स्वर लहरी पड़ी तो उसकी आँख खुल गई।
" यह अलोक है ! इसे चैन नहीं पड़ता क्या ? " आवाज़ की और खींची चल पड़ी। वह लॉन में गा रहा था। सच में मधुर गीत था। मन को छू लेने वाला।
   "अच्छा तो, वो तुम हो ! तुम हो....! " गाते हुए पलटा तो सामने राग को खड़ी पाया। देख कर चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान आ गई।
  "तुम्हे चैन नहीं पड़ता क्या ? इतनी सुबह-सुबह ही ...."
" हाँ , सुबह ही क्यों, मैं तो देर रात तक भी गाता हूँ। मुझे अर्जुन की तरह चिड़िया की आँख ही नज़र आ रही है , मेरा मतलब है कि मुझे  ' सुर-सरताज ' ही बनना है। क्या तुम जीतने नहीं आई ? " बात काट दी राग की। वह भला क्या जवाब देती !  उसे कोई गायिका तो बनना नहीं था। उसका भविष्य तो शादी ही था,एक आम लड़की की तरह ! यह तो संगीत का शौक था और टेलीविजन में आने की ज़िद थी जो कि उसे यहाँ तक ले आया।
  " क्या सोच रही हो ? "
" कुछ नहीं ! तुम कौनसा गीत गा  रहे थे ? वही क्या जो मुझे बताया था ? सुनने में तो अच्छा है। "
" हाँ, वही ! जब साज़ के साथ सजेगा तो और भी खिल जायेगा। "
" जरा गा कर सुनाओ ! "
अलोक गाने को हुआ ही था कि  राग की माँ ने पुकार लिया। " तुम यहाँ क्या कर रही हो ! अभी समय हो गया क्या रियाज़ का ? "
" अलोक मैं जाती हूँ अभी ... "
 उफ्फ, कर के रह गया अलोक।
  राग को अलोक का गीत ही पसंद आया हालाँकि उसकी माँ को यह बात ही पसंद  नहीं आई कि उसने अलोक वाला गीत गाने के लिए चुना है।
       एक बड़े संगीतकार के साथ  गीत की तैयारी शुरू हुई। गीत गाते हुए अलोक के चेहरे पर कोमल भावनाएं आ जाती थी जिसे राग पढ़ तो लेती थी पर अनदेखा ही करती रही।अलोक हमेशा की तरह सुर-ताल में परफेक्ट था, राग को थोड़ी मेहनत करनी पड़ी।
        गीत प्रस्तुत करने का दिन भी आ गया ! आज फैसले का दिन भी था कि आज कोई एक घर चला जाने वाला है। सबके मन में धुक-धुकी सी थी। सभी अपना सर्वोत्तम देने को ही कर रहे थे। बाकी किस्मत और जजों की मर्ज़ी !
         " कई दिन से मुझे कोई सपने में आवाज़ देता था, हर पल बुलाता था
       अच्छा तो  वो तुम हो तुम हो..
        अकसर मेरा मन कहता था चुप कर कोई आता है, हलचल मचाता है
        अच्छा तो वो तुम हो तुम हो....

      राग और अलोक ने जब यह गीत गया तो जैसे सभी की सांसे थम सी गई हो  एक तो सुन्दर गीत जो कि 

कम ही सुनने में आया और वह भी इतनी खूबसूरती से गाया गया था। दोनों में एक अच्छी सी केमेस्ट्री बन 


गई थी जो कि नज़र भी आ रही थी। गीत जुबान से कम दिल से अधिक गाया प्रतीत होता था। सलोनी से 


नेहा ( दोनों ही प्रतियोगी थी ) ने धीरे से कहा कि लगता है 'केमिकल -रीएक्शन ' हो गया है ! फिर धीरे से हंसी।


 यह काना-फूसी और हंसी राग की माँ की नज़र में आ गई। वह फिर से चिंता के भंवर में फंसने लगी। सारा 


प्रोग्राम उनके सर से ही निकल गया। सोचने लगी अगर ....! कहीं ....! .....? मन में एक अजीब सी उथल पुथल



 मच गई। वह यह भी ठीक से नहीं देख पाई कि उसकी बेटी कितना अच्छा गा रही थी।  उसे कितनी सराहना 

मिली। 
          प्रोग्राम अच्छा रहा। एक प्रतियोगी बाहर हो गया था। अब अगले कार्यक्रमों से सभी को अकेले ही गाना

 था। राग भी अलोक को अनदेखा करते -करते कुछ अधिक ही ध्यान देने लग गई थी। उसे लगता कि आलोक 


के सारे  गीत उसी के लिए हैं या उसी को सुनाने के लिए वह ऐसे गीत चुनता है। चाहे ' मुझे तुमसे मुहब्बत है,


 मगर मैं कह नहीं सकता '......या ' बड़े अच्छे लगते हैं, ये धरती ये नदिया ये रैना और तुम '......


    जिस दिन ये गीत गाया था, उस दिन उसने उसकी नज़रों-नज़रें  में डाल कर कह भी दिया था कि " और तुम


 ! "  समझ कर भी ना समझने वाले ऐसे मौके बहुत आये थे। लेकिन राग के पैरों की रस्सियाँ ही मजबूत धागे 


की बनी हुई थी। 


    एक -एक कर के सभी प्रतियोगी बाहर होते जा रहे थे। अलोक का दबदबा हमेशा की तरह कायम था। सभी 


कयास लगा रहे थे कि ' सुर-सरताज 'तो अलोक ही बनेगा। सातवें नंबर पर आते-आते राग भी बाहर हो गई। 


इस बार उसने एक पुराना खूबसूरत परन्तु मुश्किल गीत चुना था। 


                              " जाइये आप कहाँ जायेंगे 

                                     ये नज़र लौट के फिर आएगी ...."

    यहाँ सुर-ताल में गड़बड़ हो गई और उसे प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। राग को थोड़ी सी निराशा तो हुई 


क्यूंकि वह इतनी जल्दी बाहर नहीं जाना चाहती थी। उसे यह तो उम्मीद थी कि वह पहले तीन स्थानों में 


जगह तो जरूर बना पाएगी। लेकिन ....


" मुझे बहुत अफ़सोस है राग ! " कहते हुए बहुत मायूस दिख रहा था अलोक। 


" कोई बात नहीं अलोक .....यह प्रतियोगिता है इसमें सभी तो पहले नम्बर पर तो नहीं आ सकते। " राग ने 


मुस्कुराते हुए जवाब दिया। 


              अब राग पर प्रतियोगिता वाला बोझ नहीं था। लेकिन परिणाम घोषित होने तक वे अपने शहर नहीं जा सकते थे। जो प्रतियोगी बाहर हो चुके थे, उन्होंने  मुंबई घूमने का प्रोग्राम बनाया और  संगीतकारों से मिलने का,उनसे, उनके स्टूडियो में घूमने और सुर की बारीकियां सीखने का भी प्रोग्राम बनाया।

      राग के लिए छोटे से शहर आभा नगरी से मुंबई आना बहुत बड़ी बात थी। अब तक तो वह पंजाब के शहरों तक ही जा पाई थी।स्कूल से कॉलेज अपने शहर से ही किया। अभी तक तो संगीत की प्रतियोगिता के लिए भी राज्य स्तर तक ही भाग लिया था। उसे टेलीविजन में आने के लिए कितनी मिन्नते- चिरौरी करनी पड़ी थी। माँ ने ही मनाया था कि ऑडिशन राउंड में भाग लेने में क्या हर्ज़ है।  जरुरी थोड़ी है कि यह चुन ही ली जाए, शौक है पूरा हो जायेगा !लेकिन राग यहाँ तो चुन ली गई। बात तो ख़ुशी की ही थी ! पापा भी खुश हुए। मुम्बई जाने की इजाजत भी मिली लेकिन बहुत सारी  हिदायतों /शर्तों के साथ !
        राग कुछ उदास भी  थी। इसलिए नहीं कि वह प्रतियोगिता से बाहर हो गई बल्कि इसलिए कि कुछ दिन बाद उसे वहां से जाना पड़ेगा और फिर ना जाने अलोक से मिलना होगा भी या नहीं। वह अलोक की आँखों की तपिश अपने चेहरे पर महसूस तो करती थी लेकिन अपने पापा की कठोर हिदायतों को बीच में ले आती थी। दिल को समझाते हुए चेहरे पर कई रंग आते जाते रहते। चेहरे के हावभाव माँ से छुपे नहीं थे पर  खामोश थी क्यूंकि वह राग को अपनी जिम्मेदारी पर मुंबई लाई थी।  वह नहीं चाहती थी कोई ऐसी बात हो और उस पर ऊँगली उठाई जाये।
           आखिरी दिन भी आ गया।  मतलब कि फैसले का दिन ! जैसा कि सभी ने कयास लगा ही लिया था, अलोक को ही 'सुर-सरताज 'का ख़िताब मिला। जीत की ख़ुशी अलोक के चेहरे पर झलक रही थी। ख़ुशी से दमकता चेहरा उसे  बहुत सुन्दर और आकर्षक दिखा रहा था। राग भी बहुत खुश थी। उस पर से नज़र हट ही नहीं रही थी। वह उसका चेहरा अपनी नज़रों  में इस तरह बसा लेना चाहती थी कि  कभी भी ओझल ही ना हो सके। जब अलोक को  गाना गाने को कहा तो उसने कहा ," मैंने अभी तक तो पुराने गीत ही गाए हैं , आज मैं नया गीत गाऊँगा ! " कहते हुए राग की ओर देखा जैसे कह रहा हो कि ये उसके लिए ही गा रहा है।
         "  है दिल को तेरी आरजू , पर मैं तुझे ना प सकूँ
          है दिल को तेरी जुस्तजू, पर मैं तुझे ना प सकूँ
          मैं हूँ शब् तू सुबह ,दोनों जुड़ के जुदा
           मैं हूँ लब तू दुआ , दोनों जुड़ के जुदा ......"
     गीत सच में ही राग के लिए ही था। राग की आँखे भर आई। एक बार मन तो हुआ कि .....! लेकिन....
   इस तरह एक जोड़ी भरी आँखों ने दूसरी भरी आँखों से विदा ले ली। मुम्बई से फ्लाइट थी और दिल्ली से ट्रेन  पर जाना था। ट्रेन पर बैठते ही मोबाईल हाथ में लिया तो देखा अलोक के बहुत सारे सन्देश थे। पढ़ लिए। जवाब नहीं देगी राग। यह सोच लिया था उसने ! नम्बर डिलीट कर दिया । चेहरा सपाट था, लेकिन दिल का हाल क्या था ....कोई बयान नहीं ! नम्बर डिलीट करते हुए उसे लगा जैसे खुद उसने अपने ही हाथों गंगा में अपनी अस्थियां बहा दी हो....रोकते हुए भी आंखों के कोर भीग ही गए। चेहरे पर दुपट्टा कर के सोने का उपक्रम करने लगी।                        
          उसका स्टेशन पर  स्वागत हुआ, शहर का नाम जो रोशन किया था। चेहरे पर ख़ुशी की रोशनी और दिल में अँधेरा लिए वह भी खुशियों में शामिल हो गई। उसके बाद तो कई दिन तक उसको समारोहों में बुला कर सम्मानित किया जाता रहा। उससे गीत गाने की फरमाईश भी की जाती जिसे वह सहर्ष स्वीकार करती। यह सब उसके पापा को पसंद नहीं आ रहा था।
   " यह सब क्या है राग बेटा ? बहुत हुआ ! अब घर पर रहो ! तुम्हारी शादी भी करनी है हमें ! "
" मैं उनको मना भी कैसे करूँ पापा ? "
" तुम्हारे पास बहुत बहाने हो सकते हैं, जैसे तुम्हारी परीक्षाएं है या तुम शहर से बाहर हो ! कोई भी ....."
          वह समझ गई। उसके पंख उतारे जा चुके हैं। लेकिन वह खुश भी थी कि उसके माँ-पापा ने बहुत सारी ख्वाहिशें पूरी की है।  नहीं तो उसकी उम्र की लड़कियां कितना मन मारे बैठी थी। समाज के कुछ नियम है उसमे शादी करना भी एक था। माता -पिता का फ़र्ज़ था ये जो कि निभाना भी जरुरी था। रिश्ते देखने की कवायद शुरू की गई।
           राग के लिए रिश्तों की क्या कमी थी ! सुन्दर थी, उच्च शिक्षित थी और अमीर पिता की बेटी भी तो थी। फिर भी एक बात पर आकर बात अड़ जाती। दिल में शक पैदा हो जाता है कि जो लड़की टेलीविजन तक जा आई है, कदम तो घर से बाहर पड़ ही गए  जाने घर में टिकेगी या नहीं। क्या मालूम घर ही ना बसाए !बात चलती और ठप्प हो जाती।
  " मतलब तो यही हुआ माँ, कि लड़कियां जितनी भी पढ़े आगे बढ़े लेकिन घर की चारदीवारी तक ही सीमित  रह कर। अंतिम मंजिल शादी है। कमाल  है ! लोग चाँद पर घर बनाने की सोचते हैं और हम भारतीय सोच में पिछड़े के पिछड़े ही रहेंगे !" राग को खीझ हो आई।
       " हम समाज से लड़ नहीं सकते। "
" क्यों नहीं लड़ सकते माँ ! मैं मानती हूँ कि अगर मेरे घर परिवार के लोगों को मेरा आगे बढ़ना , स्टेज पर गाना बुरा नहीं लगेगा तो दुनिया में किसी की ताकत नहीं कि मुझे रोक सके। "
    " तो तुम क्या चाहती हो कि तुम संगीत में भाग्य आजमाओ ? " पापा ने कमरे में प्रवेश किया।
          " बुराई क्या है ? "
    " है बुराई ! संगीत की दुनिया बुरी नहीं हैं लेकिन इस तक जाने के लिए दलदल भरा रास्ता  पार करना पड़ेगा। बहुत बड़ी जानकारी और सिफारिश की जरूरत पड़ती है। हमारी इतनी पहुँच नहीं है कि हम तुम्हारी ये ख्वाहिश  पूरी कर सकें....." पापा की बात में दम था।
      कुछ दिन बाद घर में राग की चाची के  बताए हुए रिश्ते पर चर्चा चल पड़ी। मालदार, अच्छा खानदान है । पढ़े लिखे लोग है । लड़का भी उच्च शिक्षित और उच्च पद पर था। एक लड़की को इससे ज्यादा क्या चाहिए। राग की सोच इससे विपरीत थी। मालदार ना हो पर सोच अच्छी और परिपक्व हो।  शिक्षा सिर्फ डिग्री तक नहीं हो बल्कि व्यवहारिक भी हो।
       जो भी हो, हर एक की सोच होती है। कोई भावुक होता है तो कोई व्यवहारिक होता है। राग इन दोनों के बीच की थी। उसके दिल-दिमाग दोनों संतुलन में थे।
        उस दिन सुबह से ही गहमा -गहमी थी कि लड़के वाले आने वाले थे। राग मुस्कुरा रही थी। इसलिए नहीं कि शादी की बात हो रही थी, इसलिए कि हर घर में लड़की है और लड़का भी। फिर भी लड़के वाले कितनी वी आई पी ट्रीटमेंट पाते हैं। जैसे कोई भगवान ही जमीन पर उतरने वाला हो। उनको यूँ देखा जाता है कि जैसे ये ही उनकी बेटी के तारन हार है। और यही लड़की वाले जब खुद लड़के वाले बन जाते हैं तो इनके सुर-ताल बदल जाते हैं।
         ओह ! सुर -ताल ...मन में कुछ अटक सा गया। मुस्कुराहट बुझ सी गई। तो क्या हुआ ? किसको परवाह थी। सब लोग तो बिजी थे। उसे भी तैयार होने की हिदायत दे दी गई। राग पर हर परिधान खिलता था। उसको साड़ी पहनना अधिक पसंद था। पसंद तो हमेशा से ही था लेकिन एक बार अलोक के तारीफ करने पर उसे साड़ी पहनना ही अधिक भाने लगा। आईने के सामने खड़ी खुद को निहार रही थी कि जैसे पीछे अलोक खड़ा हो। भीगी आँखों से मुस्कुरा दी। प्रेम ऐसी ही अनुभूति होती है कि होठ मुस्कुरा ही पड़ते हैं।
        औपचारिक बात -चीत, खाने-पीने  के बाद राग और विशाल आमने सामने थे।
   " आपको संगीत का बहुत शौक है....."
" हाँ, बहुत अधिक ...."
" आप क्या सोचती हो कि शादी के बाद भी आपका यह शौक बना  रहेगा ? "
" .................................... "
       
" जवाब नहीं दिया ? क्या सोच रही हो ...."
  राग चुप थी। अभी क्या बोलती वह ? कुछ बातें भविष्य में ही तय होती है। फिर कुछ सोच कर बोली ," आप क्या सोचते हैं , मुझे क्या करना चाहिए ? "
  " हम्म, शौक बुरा नहीं है लेकिन घर की जिम्मेदारियों के बाद अगर समय मिले तो ही ...."
राग चुप ही रही।
" एक बात बताओ राग, जब आप प्रतियोगिता के लिए मुंबई गई थी तो किसी से दोस्ती नहीं हुई ? मैंने आपके प्रोग्राम यू -ट्यूब पर देखे हैं, जिनमे आपको दोगाना भी गाना था। "
" आप कहना क्या चाहते हैं ? "
  " मैं यह कह रहा हूँ कि  आपकी किसी से कोई दोस्ती हो गई हो और अभी तक वह संपर्क में  हो। अगर  ऐसा है तो आने वाली जिंदगी में मुश्किल आ सकती है।  कोई पुरानी जान पहचान ले कर आपसे मिलने आ जायेगा तो मुझे पसंद नहीं आएगा !" लहजा थोड़ा तल्ख़ सा हो गया विशाल का।
      राग का अपमान से चेहरा तमतमा सा गया।
" आप अच्छी व्यापारिक बुद्धि के इंसान है। पहले ही सारी टर्म एंड कंडीशन तय किये जा रहे हो। मेरा किस से संपर्क होता है या किस से दोस्ती हुई यह मेरा निजी मामला है। यह मैं आपको बताने की जरूरत नहीं समझती। "
" फिर यह शादी नहीं हो सकती ! "
" मैं खुद इंकार करती हूँ शादी से, जिसकी सोच इतनी घटिया हो वह इंसान मेरे लायक ही नहीं ! "

        सारा दोष राग और उसकी माँ पर थोप दिया गया। पापा नाराज़-विक्षुब्ध थे कि बेटी को मुंबई भेजना ही गलत था। अब आगे उसकी बहन -भाई के भविष्य भी दांव पर लगता दिख रहा था।
" पापा, आप सोचिये कि मैं वहां खुश ही नहीं रह सकती थी, जहाँ इतनी संकीर्ण सोच के लोग बसते हों। " राग ने डरते -डरते कहा।
" और नहीं तो क्या ! बेटी को यूँ ही कहीं भी धकेल तो नहीं सकते ....."
" तुम्हारी बात सही है। लेकिन हमनें इसे मुंबई भेज कर गलत किया है !लोगों की सोच नहीं बदली और दूसरों की ही क्यों, क्या हम अपने बेटे के लिए ऐसी लड़की ला सकते हैं ? "
" पापा ! ऐसी लड़की से मतलब ! " रो पड़ी राग।
" मेरे कहने का मतलब है कि जिस लड़की के सपने बहुत ऊँचे हो ऐसी लड़की घर बसा पायेगी ? "
           बात तो घूम फिर कर वहीँ आ गई कि लड़की पढ़े लिखे, नौकरी भी करे लेकिन घर की सीमा में रह कर ही। चारदीवारी से परे सपने देखने की इज़ाज़त नहीं है। राग अब क्या करे। सपने देखे हैं तो भुगतान भी करे। जब तक शादी नहीं होती तब तक उसने प्राइवेट स्कूल में नौकरी ज्वाइन कर ली। जिंदगी यूँ ही चल पड़ी। रिश्ते में अड़चन तो आ रही थी। माँ पंडितों के पास कुंडली भी ले जाने लगी कि कोई मंगल का दोष तो नहीं। मंगल दोष तो नहीं था लेकिन ऊपर वाला जोड़ी बनाता है तो छुपा कहाँ देता है ? आसानी से मिला क्यों नहीं देता ? कोई इशारा ही दे देता तो खोज-बीन में मुश्किल तो ना आती। राग की माँ रोज़ यह सोचती और चिंता में डूब जाती। उनको लगता जैसे अँधेरा सा छा गया हो कोई राह ही नज़र नहीं आता।
      तभी राग के मामा  के बेटे की शादी का सन्देश आ गया और सभी का ध्यान कुछ बंट गया। माँ को थोड़ी आस जगी कि शादी में ही कोई बात बन जाये। कई रिश्तेदार आएंगे तो कहीं न कहीं बात बन जाएगी।
         राग,माँ को उदास देख कर एक दिन अलोक की बात छेड़ बैठी कि वह उसे पसंद करने लगा था। हालाँकि कभी उसने बोल कर नहीं कहा था फिर भी बिन कहे समझा भी दिया था।
  " मुझे मालूम है बेटा, सब जानती हूँ .....लेकिन तुम्हें अपनी जिम्मेदारी पर ले गई थी। और मैं खुद नहीं चाहती थी कि तुम्हारी बात दोस्ती की सीमा से आगे बढ़े। मुझे घर आ कर मुहं भी तो दिखाना था....हाँ, अलोक सच में बहुत योग्य लड़का था और उसके माता -पिता भी अच्छे और सुंस्कारी ही लगे .....लेकिन विजातीय दोष भी तो था !"
     " मतलब कि आपको पसंद तो था ? "
" पसंद होने और तुम्हारे लिए जीवन साथी के रूप में पसंद करना ,अलग बात होती है बेटा ...."
" आप इस बारे में एक बार पापा से बात कर सकती हो ? "
" क्यों ? तुम अभी उससे बात करती हो ! "
" नहीं ! मैंने तभी फोन नंबर डिलीट कर दिया था। लेकिन मुझे मुख -जुबानी याद है अभी भी ......कसम से ,मैंने उससे कभी बात नहीं की !"
" कसम मत खाओ, मुझे मालूम है तुमने कभी अलोक से बात नहीं की ....मैंने तुम्हारे पापा से बात की थी.... मुझे आशंका थी कि वे जरूर भड़केंगे लेकिन मेरी सोच के विपरीत वे सुन कर चुप रहे कुछ बोले नहीं। एक बार दिल्ली जा कर आते हैं फिर देखते है कि क्या बात बनती है !"
    राग को थोड़ी राहत सी महसूस हुई और मन में एक आस सी जगी। वह कुछ सोच कर मुस्कुरा पड़ी।
      " क्या सोच कर मुस्कुरा रही हो ? "
    आरुषि ने कंधे झकझोर कर राग को हिलाया। तो वह हंस पड़ी और अनायास ही खुश हो कर उसके गले लग गई। गज़ल गाने वाला अलोक ही था। उसे भी इस नई फिल्म में गाने का मौका दिया गया था। तभी स्टेज पर अनाउन्स हुआ कि दर्शकों में कोई है जो गाना चाहेगा ? राग का मन तो था कि वह भी गाए पर लेकिन बाकी लोग  थे और सामने अलोक भी था। उसे डर था कि  कोई ऐसी बात ना हो जाये कि किसी को उस पर ऊँगली उठने का मौका मिल जाए। मन की मन में ही रख ली। 
     शॉपिंग के बाद घर आने तक राग अनमनी ही रही। हालांकि उसने जाहिर तो नहीं होने दिया था पर माँ बेटी की मनोदशा समझ रही थी । वह भी खामोश ही रही।
       शादी के माहौल में कब तक अनमना रहा जा सकता था। लेकिन दिल तो कही अटका ही पड़ा था। संगीत के दिन तक राग के पापा भीआ गए।
         आईने के सामने खड़ी राग अपने बाल संवारती कुछ सोच रही थी।
" राग, तुम जहाँ खड़ी तो वहां तुम हो नहीं और जहाँ तुम होना चाहती हो वहां के बारे में सोच रही हो ! " माँ कई देर से उसे गुमसुम खड़े देख रही थी। पास आकर बोली तो चौंक पड़ी वह।
      " उस दिन मॉल में अलोक को देखा तो एक ख्याल मेरे मन में आया है। "
" क्या ?" राग का दिल उछल सा गया।
" कि उसे तुम्हारे पापा से मिलवाया जाये और उनको पसंद हो तो उसके घर वालों से बात चलाई जाये। "
राग को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या कहे। चकित सी माँ को देखती रही और माँ के गले लग गई। मन भर आया और आँखे भी। माँ कुछ देर तक बेटी के सर पर प्यार से हाथ फिराती रही।
 " अच्छा अब ज्यादा भावुक मत हो और अलोक को फोन कर के शादी में आने का निमंत्रण दे। मैंने तेरे मामा से बात कर के, राय  ले कर ही तुझे कहा है। "
         राग ने ख़ुशी से कांपते हुए हाथों से अलोक को फोन मिलाया। ज्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ा। दूसरी तरफ अलोक बोल रहा था।
       " हेलो राग...." भीगी सी आवाज़ सुन कर वह कुछ बोल ना पाई। गला और आँखे दोनों भर आये।
" यह तुम हो ! तुम्हें आज याद आई मेरी ? "
भरे गले से अलोक शिकायती हो उठा।
" हाँ ......., "कहते हुए रो दी राग।
कई देर ख़ामोशी रही।
" तुम कहाँ रहे अलोक। "
" तुमने दिल में तो देखा ही नहीं होगा कभी , मैं वहीँ था हमेशा। "
" तुम दिल के अलावा मेरे गीतों में भी रहे। "
" फिर क्यों पूछती हो कि कहाँ रहा ? "
" अब मैं तुम्हें अपने आस-पास देखना चाहती हूँ, हमेशा-हमेशा के लिए ! तुम दिल्ली में हो यह मुझे मालूम है।  तुम्हें मॉल में देखा था पर मेरी हिम्मत नहीं हुयी कि तुम्हें मिलूं। आज माँ के कहने पर ही फोन किया है। तुम चले आओ मेरे घर वालों से मिलो। हो सके तो तुम अपने पेरेंट्स से भी बात कर लो। "
" ओह हो ! इतनी जल्दी ! वैसे मैंने तभी बात कर ली थी पर तुमने कोई रिस्पांस  तो मुझे भी संकोच हुआ कि तुम कहीं मना ना कर दो। "
" तो एक बार हिम्मत कर के देखते तो सही ! "
" यह गलती तो मुझसे हुयी है राग। परन्तु मुझे यह विश्वास था कि हमारे बीच में जो मोह के धागे हैं वो उलझ गए है तो उनको हमारा साथ ही सुलझा सकेगा। इन्होने ही तो हमें बांधे रखा था। " राग भी सहमत थी इन मोह-मोह के धागों से बंधे बंधन से।

उपासना सियाग 

नई सूरज नगरी 
गली न. 7 
नौवां चौक 
 अबोहर (पंजाब )
पिन कोड - 152116 

फोन - 8264901089


बुधवार, 6 अप्रैल 2016

आज मेरी बारी है ..

         " बेटा कितनी देर और है स्टेशन आने में ? हमें लेने के लिए तेरी दीदी- जीजा जी आ जायेंगे ना ? "
    " हाँ माँ ! आ जायेंगे। अगर नहीं आ पाए तो हम टैक्सी कर लेंगे। "
      " अच्छा कितनी देर लगेगी ! क्या टाइम हुआ है ? "
     " दो घंटे और लगेंगे। अभी दो बजे हैं। "
      माँ बेटे का यह वार्तालाप मैं कई देर से देख -सुन रही हूँ।  माँ बार -बार सवाल कर रही है और बेटा शांत भाव से जवाब दे रहा है। मेरे सामने की सीट पर पिता, माँ और बेटा बैठा है। मेरे बराबर जो बेटा है, उसकी पत्नी और बेटा बैठे हैं। माँ की उम्र ज्यादा तो नहीं है लेकिन शायद उनको भूल जाने की बीमारी है। तभी तो बार -बार सवाल दोहरा रही है।
     " तुम्हारी माँ के इस तरह सवाल करने से तुम परेशान हो जाते हो ना बेटा ? यह तो इसकी हर रोज आदत बन गई है ! " पिता ने बेटे से कहा।
   " नहीं पिताजी ! माँ के इस तरह बार -बार सवाल करने पर मुझे वह कहानी याद आ जाती है जिसमें एक वृद्ध  पिता के बार -बार सवाल करने पर बेटा भड़क जाता है ! मैं सोचता हूँ कि मैंने भी तो माँ को कितना सताया होगा लेकिन माँ  ने मुझे प्यार ही  दिया। आज मेरी बारी है तो मैं क्यों परेशान होऊँ ! बेटे ने प्यार और विनम्रता से  जवाब दिया तो माँ का हाथ स्वतः ही बेटे सर पर चला गया। पिता भी भरी आँखों से प्यार और आशीर्वाद दे रहे थे। मेरा मन भी द्रवित हुआ जा रहा था। 

रविवार, 18 अक्टूबर 2015

अब गाय गाँव आएगा क्या ?

     बहुत साल हुए हम लोग पटियाला जा रहे थे कि छोटे बेटे प्रद्युम्न जो कि चार साल का था, ने रोना शुरू कर दिया। उसकी मांग और जिद थी कि वह कार  की सीट के नीचे घुसेगा और वहीँ सोयेगा भी। मनाने पर भी मान नहीं रहा था। तभी मेरी नज़र माइल -स्टोन पर पड़ी। जिस पर लिखा था, 'गिदड़बाहा 'पांच किलोमीटर !
      मुझे अचानक एक युक्ति सूझी और बोल पड़ी, " देखो मानू अब गीदड़ गाँव ( गिदड़बाहा निवासियों से क्षमा सहित ) आएगा ! यहाँ हर जगह गीदड़ ही गीदड़ होते हैं। ट्रक में, ट्राली में, सब जगह गीदड़ ही दिखाई देंगे। "
  वह मान भी गया। कार से बाहर झांकते -झांकते कब उसको नींद आ गई और हमने चैन की साँस ली।
  संयोगवश उस दिन धनौला में पशु मेला था। वापस आते हुए हमें ट्रक ,ट्रालियों आदि में गायें जाती हुई दिखी।  हम भूलचुके थे कि हमने क्या कहा था। मानू बहुत ध्यान से देखते हुए, मेरे मुहं को अपनी तरफ करते हुए बोला, " मम्मा अब गाय गाँव आएगा क्या ?"


शनिवार, 17 अक्टूबर 2015

माँ का वो छोटा सा बक्सा (लघु कथा )


     आज माँ की तेरहवीं थी। हम सभी भाई बहन माँ के सामान को देख रहे थे। उनकी अलमारी खोल रखी थी। मेरे लिए यह बहुत दुःखद पल थे। मन था कि मानने को तैयार ही नहीं कि अब माँ नहीं रही। सामान देखते -देखते एक लकड़ी का छोटा सा, पुराने ज़माने का नक्काशी दार डिब्बा बक्से नुमा डिब्बा दिखा ।  हम सबको कौतूहल जगाता था अलमारी में रखा  माँ का वो छोटा सा बक्सा ! माँ का उसे किसी का भी हाथ लगाना तो दूर देखना तक भी गवारा न था माँ को।
         माँ का अस्थियों के साथ उस बक्से का विसर्जन भी माँ की अंतिम इच्छा थी।
    एक बार बाबूजी ने बताया था कि  छोटी उम्र में माँ ने, अपनी माँ को खो दिया था।  उनको बताया गया कि वह कहीं दूसरे शहर गई है। उसने माँ को बुलाने के लिए ख़त लिखने शुरू किये।  कुछ समझ आने पर  एक दिन उन्होंने अपने बाबूजी की अलमारी में वे ख़त पड़े देखे तो बिन कहे ही  वह समझ गई कि माँ भगवान के घर चली गई। डिब्बे में सहेज कर रख लिया माँ ने उन खतों को।  उस दिन से वे ख़त, ख़त ना होकर उसकी माँ का प्यार और स्नेह हो गया। उसे लगता कि कोई उन ख़तों को देखेगा या छुएगा तो माँ चली जाएगी।
  " ओह यह बक्सा ! चलो इसे भी माँ की अस्थियों के साथ विसर्जित कर देंगे।" बड़े भैया बोले।
" लेकिन भैया ! इसे तो  मैं रखना चाहती हूँ ! इसमें माँ के प्राण बसे थे और मैं माँ के प्राणों में ! अलग हुई  तो क्या मैं जी पाऊँगी ! "
" पर माँ की इच्छा !"
" वह मेरे मरने पर पूरी  हो जाएगी !"
" अरे बिटिया ! ऐसे नहीं कहते ! तेरी माँ तुझ से दूर कैसे रहेगी, रख ले तू ही इसे !" बाबूजी मेरे सर पर हाथ रख बोले। बाबूजी के साथ -साथ मैं भी सुबक पड़ी। मैंने डिब्बे को अपने सीने से लगा लिया जैसे माँ ने गले लगा लिया हो।

     उपासना सियाग

बुधवार, 30 सितंबर 2015

घूंघट के पट् खोल रे....



    गली के चौकीदार की  रात के सन्नाटे को चीरती हुई  तेज सीटी की आवाज़ ने  माधव जी को जैसे खीज़ा दिया हो । चादर हटा कर बिस्तर से उठ गए।
" अरे भई, जाग ही तो रहा  हूँ ! आधी रात को भी चैन नहीं इन लोगों को !" आदतन बड़बड़ा दिये।
"चौकीदार का काम भी तो यही है माधव जी ! कोई जागे ना जागे ! " राधिका जी की आवाज़ गूंजी।
पत्नी की आवाज़ सुन कर चौंक कर उन्होंने लाईट जलाई। हैरान हो देखने लगे। लेकिन पत्नी कहाँ थी वहां !उसे तो दो साल हुए गुज़रे हुए। हाँ, जब वह थी, तब यही तो कहा करती थी।
      याद कर के उनका मन भर आया। सामने उसकी तस्वीर थी , चंदन की माला चढ़ी।
" देख लेना जब मैं ना रहूंगी, तुम मेरी तस्वीर को देख कर रोया करोगे ! "
"क्यों रोऊंगा ! मैं पहले जाऊंगा तुमसे !"
" अजी रहने दीजिये ! भगवान भी डरता है आप जैसे खतरनाक पुलिस वाले से ! "
तब तारीफ सुन कर माधव जी मूंछो ही मूंछो में मुस्कुरा दिया करते थे ।
" लेकिन राधिका मैं तुम्हारे साथ तो हमेशा अच्छे से ही रहा था, फिर तुम क्यों मुझे छोड़ कर चली गई ?" गला भर्रा गया।
  "आपके साथ मैं ही तो रह सकती हूँ, और कोई नहीं ! बच्चों पर रोब जमाना छोड़ कर दोस्ताना व्यवहार करना सीखिये। घर को तो पुलिस विभाग मत समझिए। बच्चे तो घोंसले की चिड़ियाँ है आज पास हैं, कल अपने दाने -पानी की तलाश में उड़ जाएंगे । आपका प्यार ही याद रहेगा इनको। "
   राधिका जी अक्सर समझाती थी। लेकिन माधव जी में तो एक अहम् ने सा घर किया हुआ था जो उन्हें किसी के भी आगे झुकने को रोकता था। यह तो राधिका जी थी जो ढाल बनी रहती।बच्चों और रिश्तेदारों के आगे।
      राधिका को भी एक दिन भगवान के घर से बुलावा आ गया। उनको जाना ही पड़ा। ना साथ कोई आया है ना ही साथ कोई जायेगा। चली गई वह भी।  कहाँ तो वह माधव जी की आज्ञा बिना कही भी नहीं जाती थी और अब बिन कहे ही राम जी के घर चल दी।
       बच्चे अपने ठौर -ठिकानो पर व्यस्त थे। माँ के मरने पर सभी आये। माधव जी को भी साथ चलने को कहा। लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
  "नहीं जाऊंगा मैं ! रह सकता हूँ अकेला, यहाँ मैं सदा से रहता आया हूँ ,मेरे दोस्त हैं, परिचित हैं ! "
"लेकिन बाबूजी आखिर में तो हम ही काम आएंगे ना ! आप साथ रहोगे तो बच्चों को भी अच्छा लगेगा। आप जिस के साथ रहना चाहे बता दीजिये, लेकिन आप हमारे साथ चलिए  ! हम यह घर नहीं बेचेंगे, जब आपका मन हो दो-चार दिन के लिए रहने आ जाया करेंगे। "
   "बाबूजी आप भाई लोगों के साथ नहीं जाना चाहते तो आप मेरे साथ चलिए। आप बेटी के यहाँ भी रह सकते हैं। "
 " मुझे अपने  बेटों से कोई  शिकायत नहीं है लेकिन मैं किसी के भी साथ जाना  नहीं चाहता !"
बेटी - बेटे सभी ने बहुत अनुरोध किया लेकिन माधव जी ने तो मानना ही नहीं था। वह किसी का सहारा लेना अच्छा नहीं समझते थे।
       बच्चों के जाने बाद वह सच में ही अकेले हो गए। पहले पत्नी थी तो अहसास नहीं ही हुआ था  कि वह अकेले हैं।
       एक बहादुर था उनके काम करने को। सुबह-शाम तो बाहर घूम कर समय  निकल जाता लेकिन लम्बी दोपहरी और रातें कैसे निकालते। टीवी पर समाचार देखने के अलावा कुछ भी पसंद नहीं था। धारावाहिक और मूवी देखना वह वाहियात समझते थे। एक-आध बार कोशिश  भी की थी। लेकिन रंगबिरंगे पुते हुए चेहरे और उनकी साजिशे देख मन उकता  गया।
        किसी मित्र ने सलाह दी कि कुत्ता ही पाल लो। वह भी उनको पसंद नहीं था।
"आप भी ना कैसे इंसान है ! ना जाने किस घडी और किस मिटटी से आपको परमात्मा ने बनाया है, कोई चीज़ पसंद ही नहीं है, हर बात -चीज़ हम अपनी शर्तों के अनुसार तो नहीं कर सकते। कभी वक्त के साथ बह भी तो देखो कितना अच्छा लगेगा।" राधिका जी कई बार नाराज़ हो उठती थी। कभी -कभी उनको सुनाते हुए गुनगुना उठती थी कि 'घूंघट के पट् खोल रे तुझे पिया मिलेंगे !"
      राधिका जी की तस्वीर देखना और बातें करना ही उनका पसंद का काम बन गया था। आज भी खड़े थे कि टेलीफोन की घंटी ने तन्द्रा भंग कर दी।
  "आधी रात को किसका फ़ोन आया है।" फोन की तरफ बढ़े।
समय ज्यादा नहीं था, रात के ग्यारह ही बजे थे.शहर में तो वैसे भी रात को नौ बजे तो शाम शुरू होती है। यह तो माधव जी के लिए कुछ करने को नहीं था और वह शहर के जिस हिस्से में रहते हैं वहां ज्यादा आबादी भी नहीं है।
   " हेलो !" रौबीली आवाज़ गूंजी माधव जी की।
"आप कौन ?"
"  फोन तो आपने किया है,  मैं क्यों बताऊँ कि मैं कौन हूँ  ? "
" मैं अनमोल बोल रहा हूँ !"
" हाँ तो बोलो, लेकिन मैं तो किसी अनमोल को नहीं जानता ! काम क्या है ? मुझे जानते हो क्या तुम ?"
" नहीं जानता !"
" फिर आधी रात को किसी को  परेशान करने का क्या मतलब है ?"
" परेशान तो मैं हूँ !"
उधर से बहुत प्यारी और मासूम आवाज़ थी। शायद कोई बच्चा बोल रहा था। माधव जी को वह आवाज़ बहुत प्यारी और आत्मीय सी लगी, पूछ बैठे ,"क्या परेशानी है ?"
"आपकी उम्र क्या है अंकल ?"
"मेरी उम्र से तुम्हारी परेशानी से क्या लेना है ?"
" इसलिए कि मैं जिन  से बात कर रहा हूँ वह अंकल है या दादा जी की उम्र के हैं, यह मालूम होना चाहिए !"
"हा हा ! बहुत बढ़िया !फिर तो मैं तेरे दादा की उम्र का हूँ । "
माधव जी को हंसी आई तो कुछ हल्का पन सा महसूस हुआ। कभी किसी से आत्मीयता से बात की होती तो मालूम होता न !
" तो मैं आपको दादा जी बोलूं ?"
"हाँ बोलो !"
"तो दादा जी ! मेरे मम्मा और पापा तो पार्टी में गए हैं। भैया सो गया है। और मेरा कल गणित का  टेस्ट है , तो मुझे कोई पढ़ाने वाला ही नहीं हैं। हमेशा तो मम्मा तैयारी करवा देती है पर आज तो वह देर से आएगी। "
" ओह गणित !" गणित तो उनका पसंद का विषय था।
" अच्छा मुझे बताओ कि कौनसा सवाल नहीं आता, जरा रुको ! मैं कागज़ -पैन लाता हूँ, फिर मुझे लिखवाना। "
कागज़ पर लिख कर अनमोल से कहा कि वह  थोड़ी देर में फोन कर के समझाते हैं।
   चौथी कक्षा के सवाल उनके लिए मुश्किल नहीं थे। झट से हल कर दिए। लेकिन उनको हैरानी के साथ ही गर्व भी हुआ कि अब तक वे गणित के सवाल हल कर सकते थे। मूंछों में से होठ कुछ ज्यादा ही मुस्कुरा पड़े, गर्वीले अंदाज़ से राधिका जी की तस्वीर की और देखा।
तभी फोन बज उठा। अनमोल को अच्छी तरह से समझा दिया और यह भी कि बाकी विषय भी वह समझा सकते हैं। वह जब चाहे फोन कर के पूछ सकता है।
" थैंक यू  दादा जी ! "
"अरे थैंक यू मत बोल, दादा को भी कोई थैंक यू बोलता है ! जीता रह ! जब मर्ज़ी फोन कर लेना !" दिल से ख़ुशी महसूस हो रही थी लेकिन गला भर आया था। हैरान थे कि वह इतना कुछ एक अनजान बच्चे से बोल कैसे गए।
दिल को सहलाते हुए कुर्सी पर बैठे रहे। आँखों के कोने नम हो गए थे।
        भूख सी लग आई उनको। उन्होंने शाम को खाना भी नहीं खाया था। सारा दिन अकेले चुप रहते उनकी भूख जैसे मर  सी गई थी। फ्रिज  खोला तो बहुत सा सामान था जो खाया जा सकता था। समय देखा तो साढ़े -बारह बज चुके थे इसलिए सिर्फ दूध ही पिया।
   बहुत अच्छी नींद आई। सुबह सैर से लौट कर आते ही बहादुर से पूछा कि कोई फोन तो नहीं आया। यह उनकी दिनचर्या में शामिल था, हालाँकि बच्चों से बात कम ही करते थे तो उनका  फोन भी रविवार को ही आता था।     आज तो उनको अनमोल के फोन का इंतज़ार था।
  "दादा जी ! आपको बाबूजी ने मोबाईल फोन ला कर दिया हुआ तो है, वह साथ क्यों नहीं ले जाते ! रोज़ आते ही पूछते हो मुझसे। कोई फोन आया क्या ?"
" क्यों !तुझे कोई परेशानी है क्या ?"
"मुझे क्यों परेशानी होगी दादा जी ! लो चाय पियो। आज खाने में क्या बनाऊँ ? रात को भी आपने नहीं खाया !"
 "आज तू अपनी पसंद का बना कर खिला !"
     "मेरी पसंद का ?"
      " हाँ !!"
    बहादुर ने देखा दादा जी खुश है तो रेडियो की आवाज़ बढ़ा दी ,रोज़ उसे इस बात पर डाँट पड़ती है। यह मानव का स्वभाव है कि  वह अकेले रह नहीं सकता है। घर में और कोई तो था नहीं दादा जी के अलावा तो रेडियो ही उसका साथी था ।
       माधव जी आज ख़ुशी-ख़ुशी सारा काम कर रहे थे। जैसे जोश आ गया हो। बार -बार फोन की तरफ ध्यान था।  उनके पास मोबाईल फोन भी था और बेटे ने खास हिदायत दी थी कि चाहे फोन ना करे लेकिन बिस्तर के पास ही रखे ,कभी कोई जरूरत हो, तबियत खराब हो तो बता तो सकते ही हैं। और नहीं तो बहादुर को ही जगा दे। लेकिन नहीं ! उनको तो अपने मन की ही करनी थी। दरअसल उनको नयापन जल्दी से स्वीकार ही नहीं होता है। समय के साथ नहीं चलना आता, समय को हाथ में पकड़ना चाहते हैं। समय रुका भी है कभी !
     आज उनको अनमोल के फोन का इंतज़ार क्यों था ? सोचने वाली बात यह भी थी कि रात को यूँ ही किसी बच्चे ने ऐसे ही रोंग नम्बर मिला कर बात कर लेने से  माधव जी को यूँ उत्साहित तो नहीं होना चाहिए था। लेकिन मन का क्या कीजिये। सब कुछ होते हुए भी अकेला पन  महसूस करता है। अकेला हो कर भी मन भरा-भरा महसूस कर सकता है। ऐसा ही आज वे महसूस कर रहे थे।
       दो-तीन बार बहादुर से भी कहा कि अगर वो सोये हों और कोई फोन आ जाये तो उनको जगा  देना। इंतज़ार की घड़ियाँ कितनी तकलीफ देह होती है यह वह आज जान रहे थे। उनको याद आया कि कैसे वह ड्यूटी से देर से आते  थे  और कितनी बैचेनी से राधिका जी को  इंतज़ार करते हुए  पाते थे।
"इतनी देर तक जागने की क्या जरूरत है राधिका ! मेरी तो ड्यूटी है, देर तो होना ही है, तुम सो जाया करो।"
"मुझे भी चैन कहाँ पड़ता है तुम बिन ! कह कर हंस पड़ती थी राधिका जी !"
" राधिका ! तुम क्यों चली गई अब इस उम्र में मुझे अकेला छोड़ कर ?" आँसू ढलक गए आँखों के किनारों से।
आँखे पोंछते हुए आँख खोली, धीरे से करवट ली।
      बच्चों से ज्यादा लगाव ही नहीं था। बच्चे कम ही याद आते थे। कुछ गलती राधिका जी की भी थी। उनको पिता और बच्चों में ढाल नहीं बनना  चाहिए था और ना ही संदेशवाहक ही। कोई भी काम या जरूरत होती तो बच्चों को ही प्रेरित करना चाहिए था। इस से उनमें  आपस में खाई तो नहीं बनती।
      माधव जी शाम की चाय पी कर पास ही के पार्क में चले जाते हैं। आज जाऊँ या ना जाऊँ वाली मनस्थिति में थे कि कहीं फोन आ गया तो !
"दादा जी आप जाओ और घूम कर आओ नहीं तो रात को नींद नहीं आएगी, ऐसे ही उदास बैठे रहोगे !"
बहादुर की बात में भी दम था। फिर अनमोल के फोन का क्या, आये ना आये।
         पार्क में आज मौसम सुहाना लग रहा था। सच भी है जब मन में ख़ुशी हो तो बाहर भी अच्छा ही लगता है। वैसे यह बात हैरान नहीं करती कि थोड़ी सी देर बात करने पर माधव जी इतना बदलाव महसूस कर रहे थे ! क्योंकि वह उकता गए थे अपने नीरस जीवन से। ना अकेले रहना बन रहा था और ना ही बच्चों के पास जा कर बंदिश भरा जीवन जीने को तैयार थे।
         रात होने को थी, थोड़ा सा अँधेरा मन में भी छाने लगा था। थोड़ी देर  टीवी देखा, खाना खाया और अपने बिस्तर पर लेट गए। घड़ी की ओर देखा साढ़े-नौ बजे थे। तभी फोन की घंटी घनघना उठी। घंटी की आवाज़ कितनी मधुर लग रही थी माधव जी को, यह तो माधव जी  ही बता सकते थे  या जो अकेलेपन के भुक्तभोगी हैं वही  बता सकते हैं। यह भी कोई जरुरी नहीं था कि यह अनमोल का ही फोन होगा। लेकिन यहाँ तो सच में अनमोल ही बोल रहा था।
    "हैलो दादा जी ! मैं अनमोल बोल रहा हूँ !" यह दुनिया की सबसे प्यारी और कीमती आवाज़ थी उनके लिए।
"ओह्हो अनमोल ! कैसे हो मेरे बच्चे ? कहते हुए गला भर आया। एक रात की बात में ही इतना प्यार -दुलार एक अनजान बच्चे के लिए ! यह थोड़ी ना मानने वाली बात तो लगती है लेकिन असम्भव भी नहीं था। बियाबान जंगल से  मन में  ऐसा होना अचरज भी नहीं है।
    " मेरा टेस्ट अच्छा ही हुआ आज !पर पूरे नम्बर नहीं मिले। सिर्फ 12 नम्बर ही आये 25  में से। "
"कोई बात नहीं, अगली बार अच्छे से पढ़ना !"
"अच्छा अनमोल तुम इतनी रात को फोन कर लेते हो, तुम्हारे मम्मी -पापा डांटते नहीं क्या ?"
"नहीं डांटते !"
    वे हैरान हुए कि मात्र दस साल का चौथी कक्षा का बच्चा, और इस तरह फोन इस्तेमाल करता है। यह तो बहुत गलत है ! जैसे इसने मुझसे एक अनजान आदमी से फोन मिला कर बात कर ली। ऐसे ही अगर वह किसी और से बात करता और अगर वह कोई असामाजिक तत्व होता तो ! बहुत नुकसान भी तो हो सकता है, कितने लापरवाह माँ-बाप है इसके !
"यह तो गलत बात है बेटा, तुम्हें यूँ किसी अनजान आदमी से बात नहीं करनी चाहिए। "
"अनजान कहाँ, आप तो मेरे दादा जी  हैं ! "उधर से बहुत प्यारी सी हंसी उभरी।
" मैं तुम्हारा दादा !" एक बारगी तो चौंक पड़े वे।
"आपने ही तो कहा था कि आप मेरे दादा की उम्र के हो !"
"ओह, हा हा !!"
"अच्छा हां ! अब तुम बताओ कि तुमने आज क्या-क्या किया। तुम पढाई के अलावा खेलते भी हो क्या ?"
बहुत सारी बातें हुई दोनों में। माधव जी फोन हाथ में लिए थकने लगे थे , पर उत्साह बरक़रार था।
"अच्छा अनमोल बेटा अब मैं थक गया हूँ, सोना चाहता हूँ, कल बात करेंगे। "
    उस रात बहुत हल्का -हल्का सा महसूस हुआ जैसे मन का बोझ हट सा गया हो। नींद भी सुकून की आई।
"जिस रात आप टेंशन फ्री हो कर सोते हो उस रात आपके चेहरे पर एक मुस्कान होती है। " सुबह उठते ही राधिका जी की बात याद हो आई। उदास होना चाहते तो थे पर सामने तस्वीर की ओर देख कर मुस्कुरा दिए।
     सैर से आते ही बहादुर से मोबाईल वाला डब्बा मंगवाया और फ़ोन चलाना सीखा। कई महीनों से उपेक्षित मोबाईल अब उनके दिल के करीब था मतलब  कि जेब में रख लिया गया था। अनमोल को मोबाईल नंबर भी दे दिया गया।
         अब तो अनमोल दिन में एक बार तो फोन करता ही था, रविवार को दो बार कर ही लेता था।
एक दिन उन्होंने पूछ  लिया कि उसके दादा-दादी कहाँ है। अनमोल ने बताया कि वे लोग उनके साथ नहीं रहते हैं।
  " तुमको उनकी याद नहीं आती क्या ?"
" नहीं आती !"
" मैंने उनको कम ही देखा है !"
"कमाल है ! दादा-दादी को कम देखा है ? कहाँ  चले गए वो लोग ?"
"पता नहीं !"
"ओह कैसे दादा-दादी हैं बच्चों को उनकी जरूरत है और वो उनके साथ ही नहीं !क्या जमाना है !"
" अच्छा तो फिर आप कैसे दादा  हैं माधव जी ?" राधिका जी की आवाज़ गूंज उठी। चौंक कर तस्वीर की तरफ देखा। थोड़ा सा व्यंग्य सा था नज़रों में। गर्दन झुका कर अपने दिल या गिरबान में झाँकने लगे, क्यूंकि आवाज़ तो असल में आई ही वहां से थी। मन जाने कैसा हो आया। बिन कहे फोन रख दिया।
      मन में उथल -पुथल सी मच गई। उसके पोते-पोती भी तो ऐसे अकेले रहते होंगे। बेटे-बहुएं तो नौकरी करते हैं। तो क्या वो भी ऐसे हर किसी को फोन कर लेते होंगे। कोई गलत इंसान उनको बरगला ले तो। यह तो कभी सोचा ही नहीं उन्होंने। इस बार रविवार को जब फोन आएगा बच्चों का तो बात करूँगा यह सोच कर आँखे मूँद ली सोने की कोशिश करने लगे । "क्यों ? रविवार से पहले अगर आप बात कर लेंगे तो क्या हो जायेगा ! " राधिका जी बोल पड़ी।
" हाँ -हाँ कर लूंगा बात, सुबह तो होने दो !" थोड़ा सा नाराज़ होकर घुटने सिकोड़ कर करवट ले कर लेट गए, मानो राधिका जी को जता रहे हों कि वे भी तो अकेले हैं।
   अगले दिन सुबह होते ही बेटे को फोन मिलाया । दूसरी ओर आवाज़ से आश्चर्य मिश्रित ख़ुशी झलक रही थी। बेटे की आवाज़ पहली बार दिल को छू गई। बच्चों ने तो हमेशा मान ही दिया था उनको। यह तो वे ही 'मान ' किये रहते थे मन में, कभी मन के दरवाज़े कभी खोले ही नहीं। यहाँ वहां की बात कर के बात बंद कर दी। बाद में दूसरे बेटे और बेटी से भी बात की। मन में था कि उनके पास चले जाएँ। फोन पर बात तो सभी ने बहुत प्यार से की लेकिन किसी भी ने एक बार भी आने को नहीं कहा। थोड़े मायूस हो गए वे।
    " देखो राधिका, मैंने सभी से बात कर ली फिर भी किसी के यहाँ मेरे लिए जगह ही नहीं है ! किसी ने भी अपने यहाँ नहीं बुलाया !"
"बुलाने पर आप गए भी थे क्या ? बच्चों ने कितनी मिन्नतें की थी।" तस्वीर में राधिका जी जैसे बोल पड़ी हो।
"यह भी सही है !" चुप से कुर्सी पर बैठ गए। तभी अनमोल का फ़ोन आ गया। उनको थोड़ी सी राहत महसूस हुई।
"दादा जी आपका जन्म दिन कब आता है !" अनमोल उनसे पूछ रहा था।
" पता नहीं बेटा ! उस ज़माने में कोई जन्म दिन तो मनाता नहीं था।" थोड़े  थके हुए से बोल रहे थे वे।
  राधिका जी उनका जन्म राम नवमी को मनाया करती थी कि जब जन्म दिन पता ना हो तो खुद ही अच्छा सा दिन जान कर जन्म दिन मना लेना चाहिए। बात तो आखिर ख़ुशी की ही है कभी मना लो। राधिका के जाने के बाद बच्चे रामनवमी को आ जाते थे। छुट्टी भी तो होती थी उनकी ! सोचते हुए मन जाने कैसे हो गया। कान तो अनमोल की तरफ ही थे। बात करते करते कई बार मन कहाँ का कहाँ पहुँच जाता है फिर उनकी  तो उम्र का तकाज़ा भी तो था।
" तुम्हारा जन्म दिन कब आता है !"
" चार दिन बाद है ! मैं आपको लेने आऊं ?"
"नहीं ! मैं क्या करूँगा बच्चों में !"
"प्लीज़ दादा जी, मना मत कीजिये ! थोड़ी सी देर की तो बात है, मैं आपको लेने आजाऊंगा और छोड़ भी जाऊंगा !"
" ठीक है बेटा। " इतनी प्यारी आवाज़ वाले बच्चे से वह मिलना चाहते थे। प्यारी आवाज़ ही नहीं थी बल्कि उनमें  नव जीवन का संचार भी तो उसने किया था। फोन बंद कर कई देर तक फोन को ताकते रहे।
"अपने बच्चों से तो पराये ही अच्छे हैं !" तल्खी से राधिका जी को देखा। राधिका जी भी थोड़ी उदास लग रही थी। अनमोल ने तो चार दिन बाद आना था। इस बीच दोनों में बातचीत भी होती रही थी।
    अनमोल के जन्म दिन पर उन्होंने उसे सुबह ही आशीर्वाद  दे दिया। दोपहर में दो बजे आने को कह अनमोल ने फोन बंद कर दिया। अब छह घंटे इंतज़ार के थे। उसकी प्यारी बातें याद कर के ही मुस्कुराते रहे वह। इस बीच उसके लिए पास के बाजार से एक सुन्दर सा तोहफा भी ले आये।
         दो बजे के करीब मुख्य दरवाज़े के पास कुछ आवाज़ें सी सुनाई दी तो वे समझ गए कि अनमोल आ गया है। वह उठ कर कमरे के दरवाज़े तक आये ही थे कि अनमोल उनके सामने था। दादा जी कह कर लिपट गया।
माधव जी तो जैसे रो ही पड़े। झुक कर गले से लगा लिया। प्यार से सर पर हाथ फिराते  रहे। कलेजे में जैसे ठंडक सी पड़ रही थी। आंसुओं को बह जाने दिया, मानो दिल पर पड़ी बरसों से जमी  बर्फ पिघल रही हो।
   " बाबूजी !"
  जानी  पहचानी आवाज़ सुन कर आँसू पोंछते हुए सर उठाया था तो देखा उनका बड़ा बेटा था। आँखों में पानी भरे मुस्कुरा रहा था। आगे बढ़ कर गले लग कर रो पड़ा। सारा दुःख, सारी शिकायतें आंसू में बह गए। बेटे ने बताया कि यह सब उसके कहने पर ही हुआ था। अनमोल को फोन पर बात करने को उसने ही कहा था।
" बाबूजी मुझे यह नहीं मालूम था कि यह इतना बड़ा कलाकार भी निकलेगा और इतनी सारी बातें आपसे करेगा।"
" इसकी बातों ने ही तो मुझे मोह लिया था। लेकिन इसका नाम अनमोल है, यह मुझे क्यों नहीं मालूम ? "
"क्यूंकि इसका निक नेम तो गुड्डू है और आप इसको इस नाम से ही तो जानते हैं !"
"ओह, हा हा ! तभी मुझे बुद्धू बना दिया गया !" माधव जी के दिल से हंसी निकल रही थी आज। कितना खुश थे।
"दादा जी, अब आप मेरे साथ ही रहेंगे ! "
"हाँ बाबूजी आप अब हमारे साथ नहीं बल्कि हम आप के साथ रहेंगे।"
माधव जी ने भी हाँ भर दी। घर से चलने लगे तो बोले कि रुको तुम्हारी माँ को भी साथ ले चलो नहीं तो वह भी अकेली हो जाएगी। अंदर से तस्वीर ले आये। उनको लगा की राधिका जी गा  रही है कि  घूंघट के पट् खोल रे तुझे पिया मिलेंगे।

उपासना सियाग

    

गुरुवार, 24 सितंबर 2015

जिंदगी... एक दिन

            रात के दस बजे हैं सब अपने -अपने कमरों में जा चुके हैं। आरुषि ही है जो अपने काम को फिनिशिंग टच दे रही है कि कल सुबह कोई कमी ना रह जाये और फिर स्कूल को देर हो जाये। अपने स्कूल की वही प्रिंसिपल है और टीचर भी, हां चपड़ासी भी तो वही है ! सोच कर मुस्कुरा दी। मुस्कान  और ठंडी हवा पसीने से भरे बदन को सुकून सा दे गई। सोचा थोड़ा पसीना सुखा लूँ तो कमरे में जाऊँ नहीं तो ऐ सी की हवा कहीं  बीमार ना कर दे।
     ठण्डी हवा के झोंके ने आरुषि को सुकून सा दिया।  कितनी उमस थी शाम को। रविवार का दिन सबके लिए आराम का होता होगा, उसके लिए तो दोहरी ड्यूटी का दिन। रविवार को ही तो छुट्टी मिलती है। उस दिन
सारे सप्ताह के पेंडिग वर्क का दिन ! अगले दिन से फिर वही स्कूल और घर के बीच चक्कर घिन्नी सी घूमना है।
   अलार्म बजते ही बिस्तर छोड़ दिया और अपने सधे  हाथों से काम निपटा लिए। कोई परेशानी नहीं हुई। उसने
अपनी माँ का कहावत रूपी मन्त्र, " रात का कमाया हुआ और पीहर से आया हुआ कभी व्यर्थ नहीं जाता "
 को गाँठ की तरह बांध रखा है।  बच्चों को स्कूल भेज दिया। सास का बहुत सहारा है सुबह की रसोई का काम
वह देख लेती है तो काम आसान हो जाता है। पति भी दूसरे शहर में टीचर है। दोनों साथ ही निकलते हैं, उसे स्कूल छोड़ते हुए वह अपने स्कूल चले जाते हैं।
      आरुषि कस्बे नुमा गांव में प्राइमरी स्कूल की टीचर है। बहुत ईमानदार, अपने काम के प्रति समर्पित एक आदर्श शिक्षिका है। स्कूल में लगभग तीन सौ बच्चे हैं। और सिर्फ दो टीचर !
        स्कूल में बच्चे आने लगे हैं। कितने प्यारे और शरारती बच्चे हैं। और चिंता रहित भी।  सुभद्रा कुमारी चौहान की पंक्तियाँ  याद करती वह ऑफिस के पास जा पहुंची।
     आरुषि को खुद ही ऑफिस खोलना पड़ता है।
    " मैडम जी ! ऑफिस में सफाई कर दूँ  ! " सफाई कर्मचारी जो कि स्कूल की सफाई कर चुका था। उसके इंतज़ार में ही था।
" हाँ कर  दो ! " कह कर वह स्कूल के शौचलयों की तरफ गई।
  "ओह ! आज फिर ताले टूटे हैं ! ना जाने क्या मिलता है लोगों को, स्कूल बंद हो जाने के बाद यहाँ के शौचालय इस्तेमाल किस लिए करते हैं ! " वह खुद से सवाल से कर रही थी। तेज़ गंध /बदबू से मितली सी हो आई उसे।
   "उफ्फ़ ! अरे भई , शौचलय इस्तेमाल तो किया तो किया, फ्लश भी तो चलाया जा सकता है ! सफाई कर्मचारी को आवाज़ देते हुए उसे साफ करने को कहा। परेशान हो गई थी वह। कभी गंदगी मिलती तो कभी शौचालय की दीवारों पर अश्लील नाम और चित्रकारी मिलती। वह कभी -कभी अपनी सहयोगी सुहासी से चुहल भी कर उठती कि अगर किसी को काम शास्त्र का ज्ञान नहीं है तो वह यहाँ से ले सकता है। लेकिन जो भी था वह गलत ही  तो था। बच्चों पर क्या असर पड़ता। कितनी ही बार वह दीवारों को पुतवा चुकी थी और साफ तो रोज़ ही करवाना पड़ता।
       पाँचवी कक्षा तक स्कूल है और दो टीचर हैं तो दोनों को आपस में कार्य विभाजन करना पड़ता था। एक कक्षा को पढ़ाती  तो दूसरी वाली कक्षा में मॉनिटर की ड्यूटी लगाती कि कोई शोर ना करे। लेकिन ! बच्चे तो बच्चे ही तो हैं, शोर तो करेंगे ही। पढ़ने का शौक तो बहुत कम बच्चों को होता है। कई बच्चे सोचते हैं कि पढ़ना तो पड़ेगा और ऊधम मचाने वाले ज्यादा होते हैं। ऐसे बच्चे कक्षा का माहोल खराब किये रहते। आरुषि के मन में तो आता कि एक दो डंडे धर दे। यह भी सम्भव नहीं था उसके लिए। एक तो सरकारी आदेश कि मारना नहीं है और दूसरे वह खुद बहुत कोमल स्वभाव की है तो हाथ उठाना सम्भव नहीं था उसके लिए।
     बच्चों को सजा ना  देने के पक्ष में भी नहीं है, क्यूंकि थोड़ा तो डर  होना ही चाहिए बच्चे को। प्रार्थना के बाद सभी बच्चों को शांति पूर्वक कक्षा में जाने का आदेश देते हुए ऑफिस की तरफ चली।
    " मैडम जी ! आज सुहासी नहीं आएगी, मेरी माँ की तबियत कुछ ठीक नहीं है ! "
आरुषि ने मुड़ का देखा तो सुहासी के पति हाथ में प्रार्थना -पत्र लिए खड़े थे।
    "ओह ! कोई बात नहीं ! " कहने को तो कहना पड़ा उसे पर अब सारी  जिम्मेदारी उस पर आन पड़ी। ऑफिस में बैठी ही थी कि सामने एक व्यक्ति खड़ा था।
   " नमस्ते बहनजी ! मेरा नाम दयानंद है। मेरा बेटा कहता है कि  उसका नाम हाजरी में नहीं बोला जाता  जबकि वह रोज़ स्कूल आता है। "
   " ऐसा कैसे हो सकता है ? जब बच्चा स्कूल आता है तो हाज़री में नाम तो आएगा ही !"
" वह तो ऐसा ही बोल रहा है।"
" अच्छा दाखिला कब लिया था ?"
" ज्यादा दिन नहीं हुए, कोई बीस -पच्चीस दिन ही हुए हैं। "
" आप साथ आये थे क्या ?"
" नहीं जी, मेरी माँ आई थी। मैं और मेरी घरवाली तो खेत जाते हैं। "
 " बहुत अच्छी बात है दयानंद जी ! बच्चों से ज्यादा तो खेत हैं ! हैं ! क्यूँ ? थोड़ा गुस्सा और खीझ थी आरुषि के स्वर में।
  " अजी बहनजी दो-चार अक्षर सीख जायेगा तो हिसाब सीख लेगा, फिर तो खेती ही करनी है। "
" बहुत हैरानी होती है आज के ज़माने में भी ऐसी सोच पड़ी है, तभी तो देश आगे नहीं बढ़ता, किसान ही अनपढ़ रहेगा तभी तो पिछड़ रहा है। अरे भाई ! खेती से जरुरी पढाई है ! बच्चों के लिए भी आपका कोई फ़र्ज़ है के नहीं ?"
   दयानंद को समझ ही नहीं आया शायद।
" अच्छा बताओ क्या नाम है बच्चे का ! "
" जी राम कुमार है। "
आरुषि ने नए दाखिल हुए बच्चों वाला रजिस्टर निकल कर देखा।कोई भी राम कुमार के नाम से दाखिला नहीं था। सहसा एक नाम दिखा जिस पर दयानंद लिखा हुआ था। पिता का नाम भैरू राम था।
  "आपके पिता जी का क्या नाम है ?"
   " जी भैरू राम। "
" ओह्ह ! अब याद आया ! " हंसी आते -आते रह गई आरुषि को।
" मैडम जी ! सामान  दे दो तो हम काम शुरू करें ! "दरवाज़े पर विमला खड़ी थी। दोपहर का  भोजन बनाने वाली बाई थी वह।
 " हां अभी आती हूँ ! जरा रुको। " कह कर दयानंद की तरफ मुखातिब हुई।
" देखो दयानंद जी यह होता है अनपढ़ होने का परिणाम, आपकी माँ से मैंने पूछा था, बेटे का नाम , मतलब कि जिस बेटे का दाखिला करवाना है उसका नाम और उसके पिता का नाम, उन्होंने खुद के बेटे यानि आपका नाम लिखा दिया और आपके पिता का भी !"
    " हो हो हो बहनजी ! माँ तो निरी अनपढ़ है, कुछ नहीं पता उसे । " वह हंसने लगा।
" अच्छा आप पढ़े -लिखे हैं ! "
" हाँ जी, पांच पढ़ा हूँ। "
आरुषि को ऐसे लोगों से दो-चार होना ही पड़ता था। घर आकर सोचती तो हंसी आती। अभी तो रसोई की तरफ ध्यान था। दयानंद को नाम बदलने को कह ऑफिस से बाहर आ गई।
    पहले तो कक्षाओं की तरफ गई। वहां उसमे मॉनिटर की ड्यूटी लगाई हुई  है कि एक कागज़ पर सारे बच्चों की हाज़री लगाये और गिन  कर रखे कि कितने बच्चे आये हैं। गिनती के हिसाब से ही तो आटा -दाल दिया जायेगा। कभी सब्जी भी बनाते हैं। खीर-हलवा भी तो बनाया जाता है। खाना बनाने वालियों को बिना हिसाब रसद दे दी जाये तो महीने का राशन बीस दिन में ही ख़त्म हो जायेगा। ऐसे शुरू -शुरू में हो भी चुका है।
       तो, पढाई से ज्यादा तो भोजन जरुरी था !मलाल होता था अपनी पढाई पर, ली हुई डिग्रियों पर कि जब एक
दिन खानसामा पना ही करना था तो घर वालों को ही गर्म खाना खिलाती। " चल पड़ी मेम साहब पर्स उठा कर,
यह तो सुनना नहीं पड़ता।"

   खाने का निर्देश दे कर, साफ-सफाई का ध्यान  रखने को कह  वह कक्षा की तरफ मुड़ी। घड़ी की तरफ देखा दो पीरियड निकल गए थे, अभी तीन बाकी थे आधी -छुट्टी । कक्षा पांच थी। शुरुआत पांचवीं से की। उसके जाते ही बच्चे शांत हो गए।
     सोचा कि आज बच्चों को सामान्य ज्ञान ही पूछा जाय। जिस प्रकार सवालों के जवाब मिल रहे थे उस से उसे लगा कि बच्चों में जान ने की जिज्ञासा तो बहुत है। हालाँकि साधन सीमित हैं। उसने सोचा कि बच्चों को किस चीज़ में रूचि है यह जानने के लिए लेख लिखने को कहती हूँ और इस प्रकार उसका भी काम हो जायेगा। वह अगली कक्षा भी देख सकेगी।
       चौथी कक्षा ! बच्चे शांत कैसे रह सकते हैं। यह तो मानव प्रवृत्ति है। बोलने का अधिकार भी तो मिला है !यहाँ भी एक बार तो शांति छा गई। गणित के सवाल कुछ ब्लेक बोर्ड पर लिखे और बच्चों से हल करने को कह कुर्सी पर बैठना चाहा कि डाकिया डाक लिए खड़ा था। डाक ऑफिस में रखी और तीसरी कक्षा की तरफ चली। यहाँ बच्चों के पास करने को कुछ नहीं था। क्यूंकि आधे से ज्यादा बच्चे कुछ नहीं जानते थे सिर्फ मार -पीट करने के अलावा ! इन बच्चों को पूरी तवज्जो की जरूरत थी। जो कि सिर्फ एक शिक्षिका के लिए संभव नहीं था।
      तभी अगला घंटा बजा। यह भी किसी बच्चे को ही बोला हुआ था कि वह नियत समय पर बजा दे।
वह कक्षा से बाहर आई ही थी कि स्कूल प्रांगण में जीप रूकती हुई  दिखी। शिक्षा -अधिकारी महोदय थे।

 " ओह, यह कैसे आ गए ! बिना किसी पूर्व सूचना के। " आरुषि हैरान सी हो गई।

आगे बढ़ कर स्वागत किया। " सर आप बिना कोई पूर्व सूचना के... ?"
 " कभी -कभी ऐसा ही सही रहता है मैडम ! "
ऑफिस में सारे रजिस्टर, फाइलें जाँचे गए अधिकारी महोदय द्वारा जो कि सही थे।
 " बहुत बढ़िया मैडम, रजिस्टर में एंट्री तो सही है। आप पढ़ाते  भी हो या यही पन्ने भरते हो। "
चिढ़ सी गई वह। एक तो इतना काम, उपर से यह महोदय भी आ गए बिन बताये। आखिर वह चिढ़ती भी क्यों नहीं ? अपना हर काम समय पर पूरा रखती है। घर बाहर सब जगह संतुलन बना कर रखती है। फिर कोई तन्ज़ करे तो ऐसा होना स्वाभाविक ही है।
     मन की चिढ़ मन में रख कर संयत दिखते हुए खामोश ही रही। तभी आधी -छुट्टी की घंटी बजी। बच्चे लाइन बना कर बाहर आने लगे और बरामदे में बैठने लगे।
"अच्छा तो भोजन तैयार है !"
" हाँ जी सर। "
" तो आरुषि जी, आप भी यह भोजन खा सकते हैं क्या ? या नहीं ! "
" हाँ जी , क्यों नहीं ! मेरी देख रेख में बना है। अभी तक कभी कोई शिकायत नहीं आई।"
" सर आपके लिए भी मंगवाऊँ क्या ?"
" चलिए मंगवा दीजिये ! "
विमला बाई दो प्लेटों में दाल -फुल्के रख गई।
" खाना तो बढ़िया है मैडम ! लेकिन एक बात बताइये जरा, खाना भी बढ़िया ! कागज़/पत्र भी सही ! सारा ध्यान तो आपका यहीं रहता है तो फिर आप बच्चों को पढ़ाते भी हो क्या ? "
  फिर चिढ़ हो आई आरुषि को।
मन में तो बहुत कुछ आया कि वह सारी भड़ास निकाल दे चिल्ला कर। लेकिन नहीं ! वह खुद को शांत ही किये रखा।
     " जितना समय बचता है उतना तो बच्चों पर देते ही हैं सर। "
" आपका काम पढ़ाना है, खाना बनाने को, परोसने को तो बाई रखी है, फिर क्या दिक्कत है ? "
" दिक्कत तो है ही सर, ठीक है खाना बनाने वाली रखी है,लेकिन उसे बताना पड़ता है, नाप-तोल कर देना पड़ता है। और जिस  प्रकार का गेहूं सप्लाई होता है वह साफ  ना करवाया जाये या धूप ना दिखाई जाये तो बहुत जल्द खराब होने का डर भी तो होता है। सड़े हुए अनाज़ से बच्चे बीमार होंगे तो जिम्मेवार कौन ? हम लोग ही ना ! भण्डार घर की साफ सफाई भी देखनी पड़ती है। "
    "इस स्कूल में हम दो ही शिक्षिका हैं जो कि बहुत मुश्किल से संभाले हुए हैं। आज सुहासी नहीं आई तो मुझे ही सारा देखना पड़ रहा है। हम भी सामाजिक प्राणी है अगर आज मेरे घर में भी जरुरी काम होता तो स्कूल का क्या होता। मुझे मेरी पॉवर के अनुसार छुट्टी घोषित करनी पड़ती, और आप के आगमन पर यहाँ  ताला लगा होता !"
       सरकारी आदेश है कि पढाई से अधिक भोजन सही तरीके से परोसा जाय।और सर, टीचर्स को हर जगह जैसे जनसंख्या गणना करना हो ,साक्षरता अभियान हो,चुनाव में ड्यूटी लगनी हो, हर जगह हमें ही भेजा जाता है तब भी तो पढाई प्रभावित करती है। विद्यार्थियों को हम एक -एक पल सदुपयोग करने की हिदायत  और हम ही उन्हें पूरा समय नहीं दे पाते हैं।  इतना होने के बाद भी हमारे स्कूल का परीक्षा परिणाम बहुत अच्छा नहीं तो संतुष्टि दायक तो  होता ही है ! "
    " शिक्षकों के साथ -साथ एक चपरासी और एक भंडार-घर के लिए एक सहायक की नियुक्ति होनी चाहिए। "
आरुषि ने आज कह ही दिया जो कई दिन से था।
 " आपकी बात में दम है मैडम ! मैं सहमत भी हूँ और कोशिश करता हूँ बात आगे पहुँचाने में। वैसे सभी शिक्षक आप जैसे ही सोचने-करने  लग जाये तो देख का भविष्य बहुत सुधर सकता है। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। " अधिकारी महोदय  चल दिए।
   अब स्कूल का समय भी ख़त्म होने को था। ऑफिस को ताला लगा कर बाहर  आ गयी। विमला बाई को सामान भंडार घर में रखवा कर ताला लगाया। छुट्टी की घंटी बजते ही बच्चे उछलते -खिलखिलाते दौड़ लगाते हुए कुछ धकियाते हुए बाहर जाने लगे।
     आरुषि को ये बच्चे चिंता रहित  खिलते हुए, महकते हुए फूलों की तरह लगे। सोच रही थी इन बच्चों को सही दिशा मिलेगी तभी तो देश की दशा सुधरेगी। वह भी ताला लगा कर घर की ओर चल पड़ी।
उपासना सियाग
(अबोहर)
   


     

मंगलवार, 15 सितंबर 2015

ख़तों में सिमटी यादें

 

   पुराने बक्से में झाँका तो बहुत कुछ पुराना सामान था।  ये सामान पुराना तो था लेकिन कनिका की  यादें नई कर गया। एक डिबिया में एक अंगूठी थी। जिस पर यीशु और मरियम की तस्वीर थी। आयरिश ने बहुत प्यार से दी थी उसे। विवाह के बाद जब एक बार ऊँगली में पहनी तो पति देव ने कहा सोने कि है क्या ये ! वह हंस कर बोल पड़ी थी कि नहीं ये तो प्लेटिनम से भी महंगी है।
    यादें कभी पुरानी  कब हुई है भला !नए युग में भी ख़त की महत्ता कैसे भूली जा सकती है। सोचती हुई कनिका ने बक्से में पड़े पुराने खतों का  बंडल उठा लिया। मेज़ पर रख कर देखने लगी तो हल्की सी खांसी आ गई। उसे डस्ट -माइट्स से एलर्जी जो है। पर बेपरवाह हो खतों को सामने बिखेर लिया। नज़र का चश्मा लगा कर पढ़ने लगी। और पहुँच गई अपने होस्टल के दिनों में।भूल गई  सब कुछ  याद रहा तो अपना गुज़रा ज़माना जो एक -एक कर के खतों से बाहर निकल कर उसके आस-पास बह रहा था। कनिका भाव-विभोर हो रही थी कि ये ख़त ही हैं जिन्होंने उसे अतीत कि खूबसूरत वादियों में पहुंचा दिया। " टन -टन " की  आवाज़ पास के मंदिर से आई तो कनिका की तन्द्रा भंग हुई। ख़तों में सिमटी  यादों को सहेज़ कर फिर से रख दिया। 

~ उपासना सियाग ~